
मध्यप्रदेश के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व वीरांगना रानी दुर्गावती (नौरादेही) टाइगर रिजर्व से खुशखबरी सामने आई है। जहां पर बाघिन N-112 ने चार शावकों को जन्म दिया है। शावक जंगल में देखे गए हैं। वे करीब 15 से 20 दिन के हैं। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने यह जानकारी जारी की है। शावकों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा के लिहाज से उनकी निगरानी बढ़ा दी गई है।
इन चार नए शावकों के बाद वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 23 पहुंच गई है। खास बात ये है कि मदर ऑफ नौरादेही कही जाने वाली बाघिन राधा अब नानी बन गई है। बाघिन राधा की पहली संतान ने दोबारा 4 शावकों को जन्म दिया है।
टाइगर रिजर्व की सर्च टीम ने खींची फोटो
टाइगर रिजर्व की सर्च टीम ने नए शावकों की फोटो खींची है। सभी शावक स्वस्थ बताए जा रहे हैं। नौरादेही टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, शावकों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। फिलहाल बाघिन N-112 अपने शावकों के साथ नजर आ रही है। बाघिन N-112 ने दूसरी बार चार शावकों को जन्म दिया है। जिनमें से तीन बाघिन और एक बाघ है। प्रबंधन ने बताया कि टाइगर रिजर्व की पहली बाघिन राधा ने पहली बार नौरादेही में वर्ष 2019 में 3 शावकों को जन्म दिया था। जिनमें दो मादा और एक नर था। बाघिन राधा की ही बाघिन N-112 बेटी है।
बाघिन ने दूसरी बार चार शावकों को जन्म दिया
नौरादेही टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. एए अंसारी ने बताया कि कुछ दिन पहले गश्ती दल को कुछ शावक नजर आए थे। जिसके बाद जानकारी जुटाने के लिए रेंजर के साथ सर्च टीम का गठन किया। सर्च टीम ने हाथियों की मदद से जंगल में छानबीन की। इसी दौरान बाघिन N-112 अपने चार शावकों के साथ देखी गई। सर्च टीम ने ही बाघिन N-112 की अपने शावकों के साथ फोटो ली है। ये शावक करीब 15 से 20 दिन के नजर आ रहे हैं। इसके पहले भी N-112 बाघिन ने चार शावकों को जन्म दिया था जो करीब 22 महीने तक साथ रहे थे।