
बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम हरपुरा बमारी में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 16 मई को दोपहर करीब 1 बजे नन्ही वाई कुशवाहा की जमीन का सीमांकन किया जा रहा था। इस दौरान जनपद पंचायत सदस्य ओमप्रकाश कुशवाहा समेत कुछ लोग चूना डाल रहे थे।
फरियादी सौखी लाल रजक की बहू चंदा रजक ने जब चूना डालने से मना किया तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि नन्ही वाई कुशवाहा और संगीता कुशवाहा ने डंडों से चंदा रजक के पेट में हमला किया। बचाव में आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया।
भाजपा विधायक अरविंद पटेरिया का संरक्षण
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों को भाजपा विधायक अरविंद पटेरिया का संरक्षण प्राप्त है। इस कारण उचित कार्रवाई नहीं हो पा रही है। न्याय की मांग के लिए पीड़ित परिवार 17 मई को एसपी कार्यालय पहुंचा। लेकिन एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रीतिया के अनुसार दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर वे आंदोलन करेंगे।