
दमोह नगर पालिका क्षेत्र से सटे हिरदेपुर गांव में जल संकट गहरा गया है। मंगलवार सुबह 11:30 बजे स्थानीय लोगों ने दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। यह जाम करीब एक घंटे तक चला।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने तत्काल टैंकरों से पानी की सप्लाई शुरू कराई। इस क्षेत्र में पानी की सप्लाई की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कुछ महीने पहले भी लोगों ने इसी मुद्दे पर हाईवे जाम किया था।
दमयंती नगर तहसीलदार रॉबिन जैन और सागर नाका चौकी प्रभारी एएसआई रमा मिश्रा ने प्रदर्शन कारियों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। तब तक नगर पालिका के टैंकर से पानी की सप्लाई जारी रहेगी। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।