
वेदर सिस्टम सक्रिय होने से नौतपा में सागर जिले में बादल, हवा और बारिश का दौर जारी है। बारिश से दिन-रात के तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, वातावरण में उमस बढ़ने से लोग गर्मी से परेशान हैं। गुरुवार सुबह से ही सागर के आसमान में बादलों की आवाजाही रही। दोपहर के समय धूप-छांव का दौर चला। वहीं ग्रामीण इलाकों में दोपहर के समय हवा-आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई।
दोपहर को अचानक मौसम बदलने से रहली, गढ़ाकोटा, देवरी, गौरझामर समेत आसपास के क्षेत्रों में हवा-आंधी का दौर शुरू हुआ। इसी बीच करीब 20 से 25 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। बारिश का पानी सड़कों पर बह निकला। वहीं बाजार में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली
इससे पहले बुधवार की रात भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई थी। बारिश और बादल छाने से पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सागर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम पारा 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
4 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ सक्रिय हैं। जिसके असर से हवा-आंधी और बारिश का मौसम बना हुआ है। गुरुवार को प्रदेश के कुछ जिलों में 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं आगामी 4 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना जताई गई है।
नौतपा में बादल और बारिश का दौर जारी
आम तौर पर नौतपा के दौरान भीषण गर्मी का असर रहता है। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच जाता है। लेकिन इस बार सागर जिले में नौतपा की शुरुआत हवा, बादल और बारिश से हुई है। इस बार गर्मी के सीजन में सागर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री पर ही पहुंचा पाया है। नौतपा शुरू होने के बाद से पारे में गिरावट हुई है।