
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बुधवार को(आज) रीवा के मनगवां विधानसभा क्षेत्र के गंगेव आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव रीवा के गंगेव में आयोजित महिला स्वसहायता समूह के सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ यादव सुबह 11.55 बजे भोपाल एयरपोर्ट से प्रस्थान कर दोपहर साढ़े 12 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री जबलपुर से हेलीकाप्टर द्वारा दोपहर 12.35 बजे निकलेंगे और डेढ़ बजे उमरिया जिले के पाली पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री पाली से दोपहर 3 बजे हेलीकाप्टर से निकलकर दोपहर 3.45 बजे हेलीपैड गंगेव पहुंचेंगे।
कन्या पूजन से होगा सम्मेलन का शुभारंभ
शाम 4 बजे मुख्यमंत्री गंगेव स्टेडियम में आयोजित विशाल महिला स्वसहायता समूह सशक्तिकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलन कर महिला स्वसहायता समूहों के सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विद्युत चलित शैलाचाक से निर्मित मिट्टी के बर्तनों का अवलोकन और वितरण कर हितग्राहियों से चर्चा करेंगे।
स्वसहायता समूहों से करेंगे संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आजीविका उन्नयन के द्वारा आर्थिक रूप सशक्त हुई स्वसहायता समूहों की महिलाओं से संवाद करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में इसके बाद मुख्यमंत्री हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे।
अस्पताल, सड़क, उपस्वास्थ्य केंद्रों का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मनगवां विधानसभा क्षेत्र में आयोजित महिला स्वसहायता समूह सशक्तिकरण समारोह में 49 करोड़ 97 लाख रुपए के कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव 29 करोड़ 39 लाख रुपए की लागत के 6 निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री मनगवां विधानसभा क्षेत्र में 10 उप स्वास्थ्य केन्द्र भवनों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इनमें उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन भदावल, छत्रगढ़, कोट, हकरिया, अमहा, बेलवा पैकान, घोपी, जोरौट, परासी तथा रक्सामाजन शामिल हैं। इनकी कुल लागत 6 करोड़ 50 लाख रुपए है। प्रत्येक उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन के लिए 65 लाख रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत 6 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 11 अमृत सरोवर, एक करोड़ पाँच लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 7 सामुदायिक पार्क और एक करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 5 सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री 4 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत से बनने वाली जोधपुर नम्बर एक से मुरली पहुंचमार्ग और 9 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गंगेव के 50 बिस्तरीय भवन निर्माण कार्य का भी शिलान्यास करेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ यादव 20 करोड़ 58 लाख रुपए की लागत के 2 बड़े निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वे मनगवां विधानसभा क्षेत्र में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक सात के तिवनी जंक्शन मनगवां में भूतल परिवहन मंत्रालय के ईपीसी योजना अन्तर्गत 6 लेन के ओव्हर ब्रिज का लोकार्पण करेंगे। इसका निर्माण में 14 करोड़ 85 लाख रुपए में कराया गया है। वहीं मनगवां में 6 बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया गया है। इसके उन्नयन में 5 करोड़ 73 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री इन दोनों कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आगमन को लेकर विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी राजेश सिंह और कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने तैयारियों का मौके पर जायजा लिया। अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल और मुख्य कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए हैं।
