
सागर के महार रेजीमेंट में पदस्थ लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार निगम सोमवार सुबह नियमित पीटी में शामिल होने के बाद से दो दिन से लापता हैं। उनके लापता होने की जानकारी मिलने के बाद सेना, पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां उनकी तलाश में जुट गई हैं।
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार निगम 2 जून सोमवार को सुबह 6.30 बजे नियमित पीटी में शामिल हुए थे। इसके बाद वे कहीं दिखाई नहीं दिए। जब लंबे समय तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिली, तो सेना ने स्वयं खोजबीन शुरू की। हालांकि, दिनभर खोजने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।
अधिकारियों ने 2 जून की शाम महार रेजीमेंट के कुछ अधिकारी और कर्मचारी कैंट थाना पहुंचे और लेफ्टिनेंट कर्नल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। थाने ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस और सेना ने लापता अधिकारी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी ठोस सुराग का पता नहीं चला है।
जबलपुर के रहने वाले हैं
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार निगम जबलपुर के निवासी हैं। उनको सुबह पीटी ड्रेस में देखा गया था, लेकिन उसके बाद वे कहीं नजर नहीं आए।