
सागर के गोपालगंज में शादी में शामिल होने गया 7 साल का बच्चा छर्रा लगने से घायल हो गया। मैरिज गार्डन में शादी के दौरान यहां पर हर्ष फायर हुआ। फायर करते ही छर्रा बच्चे को लगा। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के पिता ने गोपालगंज थाने पहुंचकर शिकायत की।
पुलिस के अनुसार, फरियादी शैलेंद्र सिंह ठाकुर निवासी बरोदा ने बताया कि 10 जून को मेरी मौसी की बेटी का शादी समारोह मैरिज गार्डन में चल रहा था। मैं अपने दोनों बेटों रोहित और हर्ष ठाकुर के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था।
रात करीब 12.30 बजे बारात लगने के बाद वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था। तभी बाराती पक्ष में संजू सिंह ने 12 बोर बंदूक से फायर किया। फायर करते समय बंदूक की नली जमीन तरफ हो गई, जिससे बंदूक से निकले छर्रे 7 साल के मेरे बेटे हर्ष ठाकुर को लगे। छर्रा उसके होंठ, आंख के पास और पीठ में लगे। उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। शिकायत पर पुलिस ने संजू सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।