
छतरपुर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने फरार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम की घोषणा की है। बिजावर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोपी तेज प्रताप सिंह लोधी और चोरी के आरोपी इरफान खान पर 5-5 हजार रुपए का इनाम रखा गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोपी जय सिंह यादव पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। लवकुशनगर थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों के आरोपियों पर 3-3 हजार रुपए का इनाम रखा गया है। पुलिस ने हाल ही में कई इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है। नौगांव पुलिस ने अपहरण के मामले में 10 हजार के इनामी चार आरोपियों को पकड़ा। प्रकाश बम्होरी थाना पुलिस ने हत्या के 8 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने चोरी के दो आरोपियों को पकड़ा। ओरछा रोड थाना पुलिस ने हत्या के 5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया। गौरिहार पुलिस ने हत्या के एक और हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को पकड़ा। एसपी अगम जैन ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया गया है। उन्होंने बताया कि इनाम की राशि से लोगों को सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।