
सागर में देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम चिकली जमुनिया में 65 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध मौत हो गई। गांव के बाहर पेड़ पर फंदे पर शव मिला है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। पोस्टमार्टम के लिए शव अस्पताल भेजा गया। वहीं मामले में मृतक के परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक के बेटे बेनी प्रसाद आदिवासी ने बताया की गुरुवार को हमारी जमीन का तीसरी बार सीमांकन हो रहा था। तभी गांव के प्रशांत यादव, राजू यादव समेत अन्य लोग आए और सीमांकन नहीं होने दिया। शाम के समय हमारे घर आकर मारपीट की थी। जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराने हम लोग देवरी पुलिस थाना आए थे। जहां पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। शिकायत दर्ज कराने के बाद वापस घर पहुंचे तो पिता रेवाराम आदिवासी उम्र 65 साल घर पर नहीं थे।
उनकी तलाश की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार को गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से झूलता हुआ पिता का शव मिला है। बेटे ने संदेह जताते हुए कहा कि जिन लोगों से विवाद चल रहा था उन्होंने ही पिता को मारकर पेड़ पर लटकाया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।