
पन्ना जिले में देवेंद्र नगर थाने के एएसआई देवेंद्र नायक ने एक आदिवासी महिला के साथ मारपीट कर दी। घटना सब्जी मंडी तिराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक, गंगा बाई आदिवासी अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थीं। पुलिस ने उनकी बाइक रोक कर चाबी निकाल ली। इस बात को लेकर महिला और उसके पति की एएसआई से बहस हो गई।
गुस्साए एएसआई ने महिला के बाल पकड़कर खींचे और मारपीट की। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और घटना का वीडियो बना लिया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलते ही पन्ना एसपी साईं कृष्ण एस थोटा ने एएसआई को सस्पेंड कर दिया। एसपी ने जांच के बाद दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
