
छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक पर गोली चलाने की घटना सामने आई है। वारदात रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। राजा बाबू पटेल (38) गुटखा लेने जा रहे थे, तभी संतू तिवारी, परशोत्तम तिवारी, गोपाली, दीपू और रजनी ने उन्हें रोका और गोली मार दी।
घायल राजा बाबू को रात 11 बजे गौरिहार थाने ले जाया गया, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि वहां शिकायत दर्ज नहीं की गई। रातभर इंतजार करने के बाद सुबह 7 बजे उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजा बाबू का कहना है कि पुरानी रंजिश में राजीनामा न करने पर हमला किया गया।
थाने में बनाए गए एक वीडियो में पीड़ित ने पुलिस पर जातिगत भेदभाव करने का आरोप लगाया। इधर, छतरपुर एसपी अगम जैन ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।