
बीना नगर पालिका सीएमओ रामप्रकाश जगनेरिया के निलंबन के बाद शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। शुक्रवार शाम से शहर में कचरा संग्रहण का काम पूरी तरह बंद है। अनुबंधित कंपनी ए बी इंफ्रा ने अपना काम बंद कर दिया है, जिससे रविवार सुबह तक एक भी कचरा वाहन शहर में नहीं निकला।
रैन बसेरा परिसर में कंपनी की सभी गाड़ियां और ट्रैक्टर खड़े रहे। नगर पालिका ने सीमित कर्मचारियों के जरिए कुछ क्षेत्रों से कचरा उठवाने का कोशिश किया, लेकिन उसे अस्थायी रूप से सब्जी मंडी बायपास किनारे और अन्य खुली जगहों पर डालना पड़ा।
अधिकांश क्षेत्रों में नहीं उठाया गया कचरा
कॉलेज तिराहा, नगर पालिका कार्यालय के सामने, पुष्प विहार कॉलोनी, और रेलवे स्टेशन रोड सहित कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं। विजयनगर कॉलोनी और मुख्य बाजार क्षेत्र में भी यही स्थिति बनी हुई है। सुबह 11 बजे तक अधिकांश क्षेत्रों में कचरा नहीं उठाया गया, जिससे नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
गंदगी को लेकर दुकानदारों ने जताई नाराजगी
दुकानदारों और राहगीरों ने दुर्गंध और गंदगी को लेकर नाराजगी जताई। आगासौद रोड बायपास के पास जब नगर पालिका कर्मचारियों ने कचरा डाला, तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया।
सफाई प्रभारी मुकेश तिवारी ने बताया कि एबी इंफ्रा की गाड़ियां चार्ज नहीं थीं। कंपनी ने काम रोक दिया है। सीमित संसाधनों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही वैकल्पिक इंतजाम किए जाएंगे।