
सागर जिले में संभाग आयुक्त अनिल सुचारी के निर्देश पर शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक संचालक अनीता कुमार और मनीषा एलेक्जेंडर ने मंगलवार को गिरवर और परसोरिया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया।
गिरवर विद्यालय में निरीक्षण के समय सभी शिक्षक उपस्थित थे, लेकिन 9वीं कक्षा के ब्रिज कोर्स का बेसलाइन टेस्ट विमर्श पोर्टल पर अपडेट नहीं किया गया था। साथ ही छात्रों की उपस्थिति बेहद कम मिली। इस पर प्राचार्य को उपस्थिति सुधारने और पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही को लेकर कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया।
परसोरिया में शिक्षिका अनुपस्थित
परसोरिया स्कूल में शिक्षिका कीर्ति शुक्ला बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गईं, जिस पर उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया है। विद्यालय में नामांकन की मैपिंग, बेसलाइन टेस्ट, शिक्षकों की डेली डायरी, साइकिल वितरण और अन्य योजनाओं की जानकारी विमर्श पोर्टल 3.0 पर अपडेट नहीं थी।
पौधारोपण और शाला अभिलेखों में भी लापरवाही
एक पेड़ मां के नाम योजना के तहत पौधारोपण नहीं किया गया था और शाला अभिलेख भी अपडेट नहीं पाए गए। इन सब लापरवाहियों पर विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की अनियमितताएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।