
जबलपुर के नागरथ चौक पर बुधवार अचानक दो घोड़े आपस में भिड़ गए। लड़ाई इतनी जबरदस्त थी कि जिसने भी यह नजारा देखा, उसने अपना वाहन वहीं रोक दिया। सड़क किनारे खड़े लोगों ने घोड़ों को भगाने की कोशिश की लेकिन संभव नहीं हो पाया।
भिड़ंत के बीच घोड़ें एक शो-रूम में जा घुसे, जहां उन्होंने तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद वे फिर से सड़क पर आ गए और आपस में लड़ते रहे। इसी बीच चौराहे से सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा गुजर रहा था, तभी एक घोड़ा सीधे उसमें घुस गया। इस घटना में ऑटो चालक सहित दो यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला, 108 को दी सूचना
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर घायलों को रिक्शा से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। करीब 10 से 20 मिनट तक सड़क पर तांडव मचाने के बाद दोनों घोड़े वहां से चले गए। लड़ाई के दौरान एक घोड़े को चोट आई है।
घटना के बाद चौराहे पर भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों से ये दोनों घोड़े अक्सर चौराहे पर लड़ते देखे गए हैं। नगर निगम को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज तीन लोग घायल हो गए।
स्थानीय निवासी मेहमूद ने बताया कि इस घटना में गलती ऑटो चालक की नहीं, बल्कि घोड़ों की है। अगर नगर निगम अब भी नहीं चेता और इन घोड़ों को रेस्क्यू कर शहर से बाहर नहीं किया गया, तो आगे चलकर इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीयों की मांग-घोड़ों के मालिक पर हो कार्रवाई
लोगों ने मांग की है कि जिनके ये घोड़े हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनकी लापरवाही से ही आज यह गंभीर हादसा हुआ है।