
रीवा में शुक्रवार सुबह स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
विवेकानंद पार्क से प्रारंभ हुई रैली में रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद, डीआईजी राजेश सिंह चंदेल, एसपी विवेक सिंह, नगर निगम आयुक्त सौरभ सोनवडे और नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक सहित विभिन्न थानों के प्रभारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल हुए।
हाथों में स्लोगन लेकर दिया जागरूकता का संदेश
प्रतिभागियों ने हाथों में स्लोगन और बैनर लेकर शहर के मुख्य मार्गों पर नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। एसपी विवेक सिंह ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और लोगों को अपने आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
इन मार्गों से निकली रैली
रैली विवेकानंद पार्क से सिरमौर चौराहा, समान तिराहा, पीटीएस चौराहा, धोबिया टंकी और अस्पताल चौराहा होते हुए लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय कर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची। संभागीय कमिश्नर ने इस तरह के जागरूकता अभियानों की निरंतरता पर बल दिया।

