
पन्ना में रक्षाबंधन से पहले डाक विभाग का सर्वर डाउन होने से बहनें अपने भाइयों को राखियां पोस्ट नहीं कर पा रही हैं। डाक विभाग का सर्वर भाई-बहन के इस पावन त्योहार पर बाधा बन गया है। घंटों इंतजार करने के बाद लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। गुरुवार को भी यह समस्या देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, डाक विभाग ने एपीटी एप्लीकेशन की शुरुआत की है। इसके तहत उन्नत प्रणाली को जिले के सभी डाकघरों में 22 जुलाई से लागू किया गया है। आईटी 2.0 एप्लीकेशन पर काम शुरू किया गया है। इस नई व्यवस्था के अनुसार रजिस्ट्री वाली डाक अब ऑनलाइन दर्ज होने के बाद ही भेजी जा सकती है।
लेकिन रोजाना सर्वर की समस्या आ रही है। सर्वर डाउन होने से रजिस्टर्ड डाक नहीं भेजी जा पा रही है। लिंक फेल होने से डाक रजिस्टर्ड नहीं हो पा रही हैं।
सुशील शर्मा नामक एक व्यक्ति ने बताया कि वह तीन दिन से परेशान हैं। वह रोज राखियां लेकर आते हैं और बिना पोस्ट किए घर लौट जाते हैं। विभाग सर्वर की समस्या बता रहा है।
श्वेता त्रिपाठी और रागिनी सिंह ने बताया कि वे तीन दिन से डाकघर के चक्कर काट रही हैं। सर्वर की समस्या के चलते वे भोपाल में अपने भाई को राखी नहीं भेज पा रही हैं। प्रबंधन यह भी नहीं बता पा रहा है कि समस्या कब तक दूर होगी।
डाकघर के सब पोस्ट मास्टर रजनीकांत तिवारी ने बताया कि सर्वर की समस्या की वजह से परेशानी आ रही है। लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लिंक फेल होने से रजिस्टर्ड डाक नहीं जा पा रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का निराकरण करवाने की कोशिश की जा रही है।