
रीवा जिले में कांग्रेस पार्टी आज भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ न्याय सत्याग्रह का आयोजन कर रही है। यह कार्यक्रम शहर के पद्मकर पार्क में दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। कांग्रेस नेताओं ने इसे प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार, महंगाई, अव्यवस्था और अत्याचार के खिलाफ जनहित की बड़ी लड़ाई बताया है।
जिला अध्यक्ष बोले- जनता के हक की लड़ाई
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लखनलाल खण्डेलवाल ने बताया कि यह आंदोलन किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों और आम जनता के हक में उठाई जा रही आवाज है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में आम जनता परेशान है। सरकारी महकमों में नीचे से ऊपर तक भ्रष्टाचार फैला है। महिलाओं पर अत्याचार, कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति, और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर जनता में आक्रोश है।
बड़े नेता रहेंगे शामिल
न्याय सत्याग्रह कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ब्लॉक इकाइयों में बैठकें हो चुकी हैं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
ये मुख्य मुद्दे रहेंगे
- किसानों को खाद न मिलना
- महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध
- कांग्रेस नेताओं पर दर्ज एफआईआर
- युवाओं में बढ़ती नशे की लत
- वोट चोरी का राष्ट्रीय मुद्दा
- महंगाई और बेरोजगारी
सत्याग्रह के दौरान विभिन्न कांग्रेस नेता मंच से जनता को संबोधित करेंगे और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे।