
सागर में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शुक्रवार को पीटीसी ग्राउंड में आयोजित हुआ। इस बार कलेक्टर संदीप जीआर मुख्य अतिथि के रूप में झंडावंदन करने पहुंचे। उन्होंने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद परेड की सलामी ली। जिसके बाद हर्ष फायर किया गया। मुख्य अतिथि ने शांति के प्रतीक गुब्बारे उड़ाए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भाषण का लाइव प्रसारण किया गया। जिसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर समेत प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी। इसके बाद कलेक्टर संदीप जीआर ने बधाई पत्र का वाचन किया। उन्होंने जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।
कलेक्टर ने किया झंडावंदन
यह लगभग साढ़े तीन साल बाद है जब सागर में मुख्य समारोह में कलेक्टर ने झंडावंदन किया। इससे पहले 26 जनवरी 2022 को तत्कालीन कलेक्टर दीपक आर्य ने झंडावंदन किया था। आमतौर पर सागर में प्रभारी मंत्री या कैबिनेट मंत्री ही मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करते रहे हैं।
अन्य जिलों में मंत्री करेंगे झंडावंदन
जिले के एकमात्र कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत अपने प्रभार के जिले नरसिंहपुर में झंडावंदन किया। वहीं जिले के प्रभारी मंत्री और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल अपने प्रभार के शहडोल जिले में झंडावंदन किया।
स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में एमएलबी स्कूल की छात्राओं ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति दी और देश के वीर जवानों के साहस को प्रदर्शित किया। इसके अलावा अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व लोकतंत्र सेनानियों का कार्यक्रम में कलेक्टर संदीप जीआर ने शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी, प्रशासनिक कर्मचारी समेत अन्य को प्रशस्त्रि पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।


