
मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण जबलपुर का बरगी बांध सौ फीसदी भर गया है। सहायक नदियों से बांध में पानी की आवक जारी है। जिसे देखते हुए आज (बुधवार) दोपहर 12 बजे बांध के 9 गेट खोल दिए गए हैं। जिससे नर्मदा का जलस्तर 5 से 6 फीट तक बढ़ सकता है। बांध प्रबंधन ने नर्मदा घाट और तटीय क्षेत्रों में रहने वालों से नर्मदा नदी से दूरी बनाकर रखने की अपील की है।
आज सुबह 8 बजे बांध का जलस्तर 422.85 मीटर दर्ज किया गया, जो इसकी कुल क्षमता का 100.80% है। बांध में फिलहाल 1001 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए, बांध के 9 गेट 0.78 मीटर की औसत ऊंचाई तक खोले गए हैं। जिससे 1097 क्यूमेक जल निकासी होगी। प्रशासन ने सभी से विशेष सावधानी बरतने और नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने का आग्रह किया है।