
दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ग्रामीणों ने आवाज उठाई है। बुधवार दोपहर को दर्जनों महिलाएं और पुरुष बटियागढ़ मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री हो रही है। कुछ महिलाएं भी इस धंधे में शामिल हैं। इसके अलावा जुआ और मांस की अवैध बिक्री से गांव का माहौल खराब हो रहा है। गांव के युवा नशे के शिकार हो रहे हैं।
तहसीलदार योगेंद्र चौधरी ने कहा कि उन्होंने थाना प्रभारी को मामले की जानकारी दे दी है। थाना प्रभारी सिलास कुमार ने बताया कि महिला पुलिस बल के साथ गांव में कार्रवाई की जाएगी। अवैध धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।