
सीएम डॉ. मोहन यादव रविवार को मऊगंज के देवतालाब दौरे रहे। इस दौरान खाद की समस्या को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता सीएम को ज्ञापन सौंपना चाह रहे थे। इसके लिए वे मऊगंज बायपास से होकर देवतालाब जाने वाले थे। तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
मऊगंज के पूर्व कांग्रेस विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में करीब 3-4 हजार किसान और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के लगाए बैरिकेड्स तोड़ दिया। बाद में पुलिस ने पूर्व विधायक समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पूर्व विधायक ने कहा कि हम यहां पिकनिक मनाने नहीं आए हैं, बल्कि उन किसानों और छात्रों की आवाज बनने आए हैं, जिन पर बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन मरीजों के लिए खड़े हैं, जिन्हें अस्पतालों में इलाज और पोस्टमॉर्टम जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटकना पड़ता है।
सीएम बोले- रणचंडी बनकर इनका संहार करना है
इससे पहले रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे सीएम डॉ. मोहन यादव हेलिकॉप्टर से देवतालाब पहुंचे। उन्होंने देवतालाब शिव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर रुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने यहां 203 करोड़ के 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 37.5 करोड़ के 7 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें नवगठित मऊगंज जिले का संयुक्त जिला कार्यालय भवन भी शामिल है।
सीएम ने कहा कि चीन और अमेरिका दोनों देश भारत का स्वागत कर रहे हैंं। दुनिया इधर से उधर हो जाए, लेकिन किसान का अहित नहीं होने देंगे। यह भारत काे आत्मनिर्भर बनाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि देश का कोई मंच भारत के बिना अधूरा है। सीएम ने महिलाओं से कहा कि कड़वे दिन खत्म होने के बाद नवदुर्गा आ रही हैं। रणचंडी बनकर इनका (कांग्रेसियों) का संहार करना है।
पाकिस्तान जाकर चुनाव लड़ो
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी कभी सेना को गाली बकते हैं, कभी सरकार को गाली देते हैं। कभी चुनाव आयोग के बारे में कहते हैं। कांग्रेस पहले अपने आचरण देखे, जनता का दिल जीते, वो तो करते नहीं हैं। ये लोग कोर्ट का अपमान करें, वो पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। वहीं जाकर चुनाव लड़ लो, यहां क्या कर रहे हैं।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, प्रभारी मंत्री लखन पटेल, विधायक गिरीश गौतम, विधायक प्रदीप पटेल, विधायक मनगवां नरेंद्र प्रजापति, त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी, विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह, भाजपा के संगठन के प्रदेश मंत्री राजेश पांडेय, जिला अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा सहित कई अन्य मौजूद रहे।

सीएम ने ये घोषणा भी की…
- देवतालाब में एससी-एसटी के लिए नया हॉस्टल भवन बनेगा।
- कॉलेज में ऑडिटोरियम बनेगा।
- देवतालाब में अस्पताल का उन्नयन किया जाएगा।
- बहुती जल प्रपात का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
- देवतालाब के मंदिर में शिव लोक का निर्माण किया जाएगा।