
पन्ना जिले के बृजपुर ग्राम पंचायत में प्रशासन ने आज शनिवार को सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटाया। संजीव संजू अहिरवार ने वर्षों पुराने रास्ते और शासकीय बोर पर कब्जा कर रखा था। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
नायब तहसीलदार शशिकांत दुबे के अनुसार, ग्राम पंचायत से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमणकर्ता को कई बार समझाया गया। लेकिन वह आबादी वाली जमीन खाली करने को तैयार नहीं था।
प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शांति व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकर्ता और प्रशासनिक टीम के बीच तीखी बहस हुई।
प्रशासन ने जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया। रास्ता आम लोगों के लिए खोल दिया गया। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर कोई अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

