
दमोह में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर देवी मां की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। राय चौराहे पर मां दुर्गा सहित नौ देवियों की प्रतिमाएं विराजमान हैं। सोमवार रात विधिवत पूजन के बाद यह स्थापना की गई।
मांगज स्कूल के पास अष्टभुजा देवी की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके दोनों ओर बब्बर शेर की आकृतियां हैं। सराफा बाजार में नगर सेठानी के रूप में प्रसिद्ध देवी मां की प्रतिमा भी स्थापित है। यहां हर साल एक ही स्वरूप की स्थापना की जाती है।


ज्वाला माई चौराहे पर 12 फीट ऊंची देवी मां की प्रतिमा स्थापित है। पुराना थाना क्षेत्र में पंचमी से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। शहर में कई अन्य स्थानों पर भी प्रतिमा स्थापना का कार्य देर रात तक चला।
दर्शन के लिए पूरे जिले से श्रद्धालु दमोह आते हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस और प्रशासन ने विशेष यातायात योजना बनाई है। कलेक्टर सुधीर कोचर और एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने सोमवार रात रूट का निरीक्षण किया।
असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस मोबाइल वैन लगातार गश्त कर रही है। आगामी दशहरा के चल समारोह की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।