
दमोह में शारदेय नवरात्रि के अवसर पर भक्ति और उत्सव का माहौल है। शुक्रवार रात मध्य प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने शहर के गरबा पंडालों का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि दमोह में हमारी संस्कृति का प्रकटीकरण देखने को मिल रहा है।
शहर के पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं, जहां हजारों की संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। देवालयों में भी सुबह से रात तक मां की आराधना जारी है। इसके साथ ही, शहर में गरबा उत्सव का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों महिलाएं और युवतियां उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
मंत्री लोधी ने अपने दौरे की शुरुआत बड़ी देवी मंदिर में दर्शन के साथ की। इसके बाद उन्होंने गरबा पंडालों का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि चारों ओर भक्ति का माहौल है और मां की शक्ति की आराधना के कार्यक्रम हो रहे हैं। दमोह का यह माहौल हमारी संस्कृति के जीवंत प्रकटीकरण का अनुभव कराता है।
मंत्री ने बताया कि तीन दिन पहले तेंदूखेड़ा में देवी गीत गायिका शहनाज अख्तर ने अपनी प्रस्तुति दी थी। वहीं, एक दिन पूर्व जबेरा विधानसभा के चोपरा गांव में संजू बघेल ने भी अपने गीतों से भक्तिमय माहौल बनाया था। उन्होंने जोर दिया कि ये सभी कार्यक्रम शक्ति पर्व के अवसर पर आयोजित किए जा रहे हैं, जो लोगों को भक्ति भावना में सराबोर कर रहे हैं।