दमोह जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सड़क हादसा हो गया। शिलापरी गांव के पास पत्थरों से भरा एक ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद घायल चालक को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। क्लीनर का शव पूरी रात ट्रक में ही फंसा रहा, क्योंकि उसे निकालने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं थे।
बुधवार सुबह रजपुरा थाना प्रभारी सरदार सिंह स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान छतरपुर के गढ़ी मलहरा निवासी दिनेश कुशवाहा (क्लीनर) के रूप में हुई है। घायल चालक निवाड़ी निवासी बल्लू पाल है।
पुलिस के अनुसार, ट्रक छतरपुर से दमोह की ओर आ रहा था, तभी यह हादसा हुआ। ट्रक पलटने से उसमें भरे पत्थर सड़क पर बिखर गए, जिससे दमोह-छतरपुर मार्ग अवरुद्ध हो गया। स्थानीय संसाधनों की मदद से सड़क से पत्थरों को हटाने का काम जारी है, ताकि यातायात बहाल किया जा सके।
