रीवा में गांजा और कोरेक्स की तस्करी के बाद अब ब्राउन शुगर और ड्रग्स की तस्करी भी बढ़ने लगी है। खासतौर पर बैकुंठपुर और चाकघाट इलाके इसके लिए मशहूर हैं, लेकिन अब शहर और मुख्यालय भी इससे अछूते नहीं हैं।
सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली कि झिरिया मोहल्ला के पास दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
आरोपी भागने की फिराक में थे
पुलिस को देख आरोपी भागने लगे, लेकिन स्टाफ की मदद से उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। दोनों आरोपियों की पहचान इस प्रकार है।
- पीयूष मिश्रा उर्फ राजा, पिता गुरु प्रसाद मिश्रा, उम्र 21 वर्ष, निवासी करहिया नंबर 1
- नागेन्द्र चतुर्वेदी, पिता सुरेंद्र चतुर्वेदी, उम्र 25 वर्ष, निवासी बीरखाम चौरा
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 ग्राम ब्राउन शुगर और सिल्वर रंग की इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद हुई। मादक पदार्थ जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 402/25 धारा 08, 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि पुलिस की पड़ताल जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रीवा में ड्रग्स की तस्करी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि तस्करी रुक सके। अधिकारियों ने यह भी बताया कि शहर और आसपास के इलाके लगातार निगरानी में हैं और आने वाले समय में ऐसे मामलों पर और सख्ती बरती जाएगी।
