दमोह शहर में गुरुवार दोपहर यातायात पुलिस और आरटीओ विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान यातायात थाने के सामने ऑटो चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। अभियान में 10 ऑटो जब्त किए गए और उन पर कुल ₹13,000 का जुर्माना लगाया गया।
यह कार्रवाई मुख्य रूप से उन ऑटो पर की गई जो मालवाहक के तौर पर उपयोग किए जा रहे थे। कुछ ऑटो को दस्तावेजों की कमी के कारण भी जब्त किया गया है, जिन्हें अब न्यायालय के माध्यम से ही छोड़ा जा सकेगा। यह अभियान लगभग दो घंटे तक चला।
आरटीओ क्षितिज सोनी ने बताया कि यह कार्रवाई शहर में चलने वाले उन ऑटो चालकों के खिलाफ की जा रही है, जो लापरवाही से वाहन चलाते हैं या जिनके पास आवश्यक दस्तावेजों की कमी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
इस कार्रवाई पर ऑटो चालकों ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। एक ऑटो चालक ने बताया कि हादसों के बाद ऑटो चालकों पर कार्रवाई शुरू हो जाती है, जबकि मुख्य मार्गों पर बड़े वाहनों से होने वाले हादसों पर ध्यान नहीं दिया जाता।
उसने यह भी कहा कि उसके पास सभी दस्तावेज मौजूद होने के बावजूद उसे रोका गया। चालक ने यह भी उल्लेख किया कि बैटरी वाले ऑटो के बढ़ते चलन के कारण डीजल वाले ऑटो चालकों को कम लाभ होता है, फिर भी पुलिस उन्हीं पर कार्रवाई करती है।