शिवपुरी जिला अस्पताल से एक दिन का बच्चा चोरी कर भागी महिला को सागर पुलिस ने पकड़ा था। नवजात को सुरक्षित बरामद किया था। मामले की सूचना पर गुरुवार को शिवपुरी पुलिस सागर पहुंची। जिला अस्पताल में भर्ती नवजात को देखा। यहां कानूनी और कागजी कार्रवाई करने के बाद सागर पुलिस ने नवजात को शिवपुरी पुलिस को सुरक्षित सौंप दिया है। साथ ही नवजात लेकर भागी आरोपी महिला को भी शिवपुरी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद एंबुलेंस की मदद से डॉक्टर की टीम और पुलिस स्टॉफ के साथ नवजात को लेकर सागर से शिवपुरी के लिए रवाना कर दिया गया है। दरअसल, शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती प्रसूता रोशनी आदिवासी ने बच्ची को जन्म दिया था। वार्ड में मौजूद एक अन्य महिला पिछले करीब एक दिन से परिवार के संपर्क में थी और लगातार उनके साथ बातचीत कर रही थी।
सागर में मिली लोकेशन
वह मंगलवार सुबह करीब 5 बजे प्रसूति वार्ड से एक दिन की नवजात को पति को दिखाने का बोलकर उठाकर ले गई। लेकिन वह काफी समय तक वापस नहीं लौटी। परिजन ने आसपास तलाश किया। लेकिन बच्चा और महिला नहीं मिले। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शिवपुरी पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाश शुरू की। इसी बीच महिला की लोकेशन सागर जिले के आसपास मिली। लोकेशन मिलते ही सागर पुलिस को सूचना दी गई।
300 पुलिसकर्मी सर्चिंग में जुटे
सागर पुलिस ने जिले में नाकाबंदी की। 300 से अधिक पुलिसकर्मी मैदान में उतारे गए। सर्चिंग और चेकिंग करते हुए बुधवार रात झांसी की ओर से आ रही बस से महिला को नवजात के साथ पकड़ा गया। कैंट पुलिस ने पगारा रोड से बस में बच्चे को बरामद किया। महिला को हिरासत में लिया था।
शिवपुरी पुलिस पहुंची सागर
महिला के पकड़े जाने और नवजात मिलने की सूचना पर शिवपुरी पुलिस सागर पहुंची। प्रशिक्षु आईपीएस आयुष जाखड़ अपनी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण पूर्ण किया गया। आवश्यक दस्तावेजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। जिसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक सागर ललित कश्यप की निगरानी में शिवपुरी से आए प्रशिक्षु आईपीएस आयुष जाखड़ और मेडिकल टीम, महिला पुलिस टीम के साथ नवजात को एंबुलेंस से रवाना किया गया।