पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र में एक 34 वर्षीय महिला राम प्यारी कुशवाहा की मौत हो गई। नयापुरा निवासी राम प्यारी कुशवाहा (पति राकेश कुशवाहा) को पन्ना जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति राकेश कुशवाहा ने बताया कि 30 अक्टूबर की देर शाम वे अपनी पत्नी के साथ बाइक से अमानगंज से किराने का सामान लेकर मडैयन जा रहे थे। द्वारी पेट्रोल पंप के आगे एक ट्रक से क्रॉसिंग के दौरान उनकी बाइक बेकाबू हो गई।
इस हादसे में राम प्यारी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उन्हें पहले अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जहां उसकी मौत हो गई।
मारपीट का आरोप
मृतका के भाई राम किशन कुशवाहा ने अपने जीजा राकेश कुशवाहा पर बहन राम प्यारी के साथ मारपीट करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राकेश कुशवाहा बचने के लिए दुर्घटना की कहानी गढ़ रहा है।
राम किशन ने यह भी आरोप लगाया कि उनके जीजा अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट करते थे और पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा कि यह दुर्घटना थी या हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
