दमोह-तेंदूखेड़ा मार्ग पर तेजगढ़ गांव के पास शुक्रवार रात एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पवन सिंह लोधी (45) की मौत हो गई। वहीं, साथ सवार 30 वर्षीय जितेंद्र लोधी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
करौंदी पंडरिया जा रहे थे बाइक सवार
घायल जितेंद्र ने बताया कि वह अपने साथी पवन के साथ पाटन से तेंदूखेड़ा होकर अपने घर करौंदी पंडरिया जा रहे थे। तेजगढ़ पहुंचते ही ट्रक MP20ZC7211 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक तेंदूखेड़ा से दमोह की ओर आ रहा था।
पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ा, सिर में गंभीर चोट आई
हादसे में जितेंद्र के दाहिने पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जबकि पवन सिंह को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तेजगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा।
शनिवार सुबह मृतक पवन सिंह का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
