
भस्मारती के दौरान आज सवेरे महाकाल मंदिर में आग लगने से पुजारी समेत पांच लोग झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
उज्जैन के महाकाल मंदिर में सोमवार सुबह भस्मारती के दौरान आग लग जाने से पुजारी सहित पांच लोग झुलस गए। बाबा को आज धुलेंडी के अवसर पर भस्मारती के दौरान अबीर- गुलाल लगाया जा रहा था, तभी गर्भगृह में आग लग गई। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। आग पर भी तुरंत काबू पा लिया गया।
मंदिर में इस समय हजारों श्रद्धालु मौजूद थे। सभी महाकाल के साथ होली मना रहे थे। घायल सेवक ने बताया कि आरती कर रहे पुजारी पर पीछे से किसी ने गुलाल डाल दिया। गुलाल दीपक पर गिरा। संभवतः गुलाल में केमिकल होने की वजह से आग भड़क गई। उधर रंग – गुलाल से गर्भगृह की चांदी की दीवार को बचाने के लिए वहां फ्लैक्स लगाए गए थे। इनमें भी आग फैल गई। कुछ लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक गर्भगृह में मौजूद आरती कर रहे संजीव पुजारी, विकास, मनोज, सेवाधारी आनंद कमल जोशी समेत 13 लोग झुलस गए।
इस मामले में उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एक कमेटी इसकी जांच करेगी।