
Gwalior Crime News: सीएसपी अशोक जादौन ने बताया कि जिस तरह से हत्या की गई है, उससे मामला प्रेम प्रसंग या प्रॉपर्टी विवाद का हो सकता है। पुलिस का यह भी मानना है कि बैग और हुलिए से दोनों मुसाफिर लग रहे हैं, जो दूसरे शहर के हो सकते हैं।
ग्वालियर में हाई अलर्ट के बीच डबल मर्डर हुआ है। आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ग्वालियर दौरा है, फिर भी टाइट सिक्योरिटी के बीच आरोपी वारदात कर गए। शनिवार सुबह 7.30 बजे शीतला माता मंदिर रोड हाईवे किनारे दो युवकों के शव मिले हैं। एक युवक दिव्यांग है, उसके एक कृत्रिम पैर लगा हुआ है। दोनों के सिर पत्थर से कुचले गए हैं। पास ही खून से सने पत्थर भी मिले हैं। गला घोंटने के निशान भी मिले हैं।
घटनास्थल पर कपड़ों से भरा बैग मिला है, लेकिन इसमें कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला जिससे युवकों की पहचान हो सके। बैग देखने में नया लग रहा है, मानों 4 – 5 दिन पहले ही खरीदा गया हो। चार्जर है, लेकिन मोबाइल नहीं मिला है। सीएसपी अशोक जादौन, सीएसपी हिना खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के सामने पहली चुनौती मृतकों की शिनाख्त कराना है।
सुबह राहगीर की सूचना पर पुलिस पहुंची तो रेलवे पुल के पास शीतला माता रोड हाईवे के किनारे दिव्यांग का शव मिला।पुलिस छानबीन कर ही रही थी कि 20 कदम दूर झाड़ियों में एक और युवक का शव मिला। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। मृतकों की उम्र 35 से 40 साल के बीच बताई जा रही। दिव्यांग के शव पर अंडरवियर बनियान थी, दूसरा शव जींस शर्ट में मिला।
घटनास्थल पर खून से सने पत्थर मिले हैं। आशंका है कि पत्थर को दोनों के सिर कुचले गए होंगे। हाईवे से किनारे और झाड़ियों तक खून के कई स्पॉट मिले हैं। दिव्यांग ज्यादा दूर भाग नहीं सका और वहीं ढेर हो गया, जबकि उसके साथी ने भागने का प्रयास किया होगा, लेकिन वह भी 20 कदम दूर जाकर गिर गया होगा। गले पर भी दबाने के निशान मिले हैं।
सीएसपी अशोक जादौन का कहना है कि ग्वालियर पुलिस आसपास के शहरों की पुलिस से भी संपर्क कर रही है। जिस तरह से हत्या की गई है, उससे यही माना जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग या फिर प्रॉपर्टी विवाद का हो सकता है। पुलिस का यह भी मानना है कि बैग और हुलिए से दोनों मुसाफिर लग रहे हैं। दोनों दूसरे शहर के हो सकते हैं।