
रायसेन में सड़क किनारे कांटों में नवजात मिला है। वह स्वस्थ और सुरक्षित है। प्रसव अस्पताल में हुआ था। इसका प्रमाण भी मिला है।
रायसेन के सिलवानी थाना क्षेत्र के ग्राम सियरमऊ में खेत की बागड़ के पास एक नवजात शिशु मिला है। इसके बाद से क्षेत्र में हड़कम्प की स्थिति है। नवजात शिशु अस्पताल में पैदा हुआ था। इसकी पुष्टि हुई है। उसके हाथ में मिली पर्ची में पिता मनीष और माता राजकुमारी का नाम लिखा है। पुलिस ने नवजात की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामला बुधवार का है। टढ़ा रोड पर ग्राम से लगे खेत की बागड़ के पास एक नवजात शिशु कांटों में पड़ा था। जब ग्राम का गंगाराम आदिवासी गांव के बाहर जा रहा था, तो उसकी नजर नवजात पर पड़ी। उसने ग्रामवासियों को इसकी सूचना दी। फिर सिलवानी पुलिस थाने में भी सूचना दी गई। ग्रामीण उस नवजात को ग्राम के ही स्वास्थ्य केन्द्र लेकर गए। वहां स्टॉफ नर्स भारती चौहान ने प्राथमिक जांच कर उसका उपचार किया। बच्चे का वजन तीन किलो बताया है। बच्चा फिलहाल स्वस्थ है। नवजात लड़का है। उसका प्रसव रायसेन में ही हुआ है। बच्चे के हाथ पर एक पर्ची भी बंधी है, जिसमें पिता का नाम मनीष और माता का नाम राजकुमारी लिखा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस लगा रही है माता-पिता का पता
पुलिस का कहना है कि मामले की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। बच्चा अभी स्वस्थ है। उसे फिलहाल अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। हाथ में मिली पर्ची के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही बच्चे के माता-पिता तक पहुंच जाएंगे। नवजात को किन परिस्थितियों में खेत में छोड़ा गया है, यह जांच का विषय है। पूरी जांच के बाद ही कहा जा सकेगा कि माता-पिता ने उसे वहां छोड़ा या कुछ और मामला है। हर पहलू की जांच की जा रही है।