
आपराधिक तत्वों और अपराधों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से निवाड़ी जिले में पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त चलाई। पुलिस अधीक्षक निवाड़ी ने स्वयं गुरुवार रात इस गश्त की मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ 150 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने कॉम्बिंग गश्त को सफल बनाने में कार्रवाई की। जिसमें वारंटियों, आदतन अपराधियों को चैक किया गया और फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक सागर प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक छतरपुर ललित शाक्यवार के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. राय सिंह नरवरिया के द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों को काम्बिंग गश्त के लिए निर्देशित किया। इस दौरान सभी ने अपने अपने थाना क्षेत्र में गुंडे, बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी और धरपकड़ की।
निवाड़ी पुलिस अधीक्षक ने स्वयं कांबिंग गश्त की मॉनिटरिंग की। इस दौरान जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ 150 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने गश्त को सफल बनाने में कार्रवाई की। गश्त में 60 से अधिक वांरटों को तामील कराया गया, जिनमें 3 स्थाई वारंटी, 35 गिरफ्तारी वारंटी और 22 जमानती वारंट शामिल हैं।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान 14 सम्मन तामील कराए गए। गश्त के दौरान दो आबकारी के प्रकरण, 1 थाना पृथ्वीपुर और 1 थाना जैरोन में पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले के 70 से अधिक गुंडे बदमाशों को चेक किया, 25 से अधिक निगरानी बदमाशों को चेक कर उनके जीवन यापन के तौर तरीकों को जाना।