
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2024 से पुरस्कृत हो रहे शिक्षक माधव पटेल आज दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों से शाम 4.15 बजे से 5.30 बजे के बीच पुरस्कार प्राप्त कर सम्मानित होंगे। शिक्षक माधव पटैल का जन्म हटा तहसील के ग्राम दादपुर में हुआ। वहीं उन्होंनें प्राथमिक शिक्षा प्राप्त की। पिता रामकृपाल पटेल कृषि विभाग में बटियागढ विकासखण्ड के फतेहपुर में पदस्थ थे, मिडिल स्कूल की शिक्षा फतेहपुर में हुई। हायर सेकेण्डरी की परीक्षा उत्कृष्ट विद्यालय हटा से उत्तीर्ण की और एम.एस.सी. एम.एड. सागर विश्वविद्यालय से करने के बाद 2007 में माध्यमिक शाला लिधौरा से शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की। उन्होंने बच्चो की शैक्षिक आवश्यकताओं को समझ कर अपनी शिक्षण प्रक्रिया में बदलाव कर बच्चों और अभिभावकों के मन में जगह बनाई। कोरोना काल में बच्चों से जुड़े रहने के लिए एवं वर्ष 2020 में नवाचारों के लिए वर्ष 2020 में राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार मिला। विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के प्रयासों की सफलता के लिए एनसीईआरटी में केश स्टडी चयनित हुई। लर्निंग बोर्ड, कठिन अवधारणाओं का लेखन, पुस्तकालय से अभिभावकों को जोड़ने की पहल आदि प्रमुख कार्य रहे है।