
पन्ना के धरमपुर थाना क्षेत्र के इमलाहट गांव से धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। जहां कुछ लोग ग्रामीणों को बाइबल का उपदेश देकर धर्म परिवर्तन करवाने का खेल लंबे समय से कर रहे थे। मामला तब उजागर हुआ जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इमलाहट गांव पहुंच कर कुछ लोगों को धर्म परिवर्तन करवाते रंगे हाथ पकड़ लिया।
मामले की शिकायत पर धरमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिन पर मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार इमलाहट गांव में बुधवार को गांव में बने एक टपरे में तीन लोग ईसाई धर्म का उपदेश दे रहे थे। जिसमें गांव के लोग शामिल थे। जिन्हें कथित तौर पर बाइबल का उपदेश देकर लोगों को धरम परिवर्तन के लिए बरगलाया जा रहा था।
जिसकी जानकारी लगने के बाद बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत करवाया। जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची धरमपुर थाना पुलिस ने तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया। जिनसे पूछताछ कर केस पंजीबद्ध किया और गुरुवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
बजरंग दल के सदस्य अजय नामदेव ने बताया कि जानकारी लगने पर ईसाई धर्म के तीन एजेंट गांव में 70 से 80 लोगों को एकजुट कर धर्म परिवर्तन के लिए बरगला रहे थे। यह लोग लंबे समय यह कार्य कर रहे है। जिसके लिए इन्हें फंड भी मिलता है। मामले की शिकायत थाने में की गई और पुलिस ने तीन एजेंट पकड़ लिए है।
वहीं धरमपुर थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि बजरंग दल के सदस्यों ने शिकायत की थी। जिसमें मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है। एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय ने पेश कर जेल भेज दिया गया है। धर्म परिवर्तन में इन तीन आरोपियों के साथ और कौन लोग शामिल है।जिसकी जांच की जा रही है।