
जबलपुर के थूआ पड़रिया गांव के तालाब में एक छात्र का शव मिला। छात्र 9 दिनों से लापता था। परिजनों ने 1 अक्टूबर को कटंगी थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। बुधवार सुबह तालाब के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने बदबू आने के सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छात्र का शव पीएम के लिए पाटन स्वास्थ्य केंद्र भेजा है।
कटंगी थाना पुलिस के मुताबिक, जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर स्थित थूआ पड़रिया गांव में रहने वाले अरुण सिंह लोधी (20) का शव तालाब में मिला। मृतक 1 अक्टूबर से लापता था। जिसकी रिपोर्ट परिजनों द्वारा कटंगी थाने में दर्ज करवाई गई थी। जिसके बाद से पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। बुधवार सुबह तालाब के नजदीक से गुजर रहे ग्रामीण ने तालाब से बदबू आने की सूचना दी। जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए पाटन स्वास्थ्य केन्द्र भेज जांच शुरू कर दी है। मृतक छात्र आखिरी बार अपने दो दोस्तों के साथ दिखा था। अरुण के शरीर पर चोट के निशान भी मिले है।
रात में खाने के बाद टहलने निकला था
मृतक कटंगी के प्रज्ञा धाम कालेज में बीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। रोज की तरह 1 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद टहलने निकला था। देर रात तक वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश करने लगे।
पिता पूरन सिंह लोधी ने बताया कि अरुण रोजाना रात को घूमने निकलता था, और एक घंटे में घर वापस भी आ जाया करता था, पर 1 अक्टूबर को घर से जाने के बाद वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक अरुण आखिरी बार को गांव के ही आनंद ठाकुर और राघवेंद्र ठाकुर के साथ देखा गया था। परिजनों का छात्र के साथ किसी तरह की घटना होने की आशंका है।
पिता पेशे से किसान
मृतक अरुण के पिता पूरन सिंह लोधी पेशे से किसान है। पूरन का बड़ा बेटा अरुण बीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था, जबकि छोटा बेटा 11वीं का छात्र है। परिजनों का कहना है कि अरुण का किसी के साथ कोई विवाद नहीं था। रोजाना घर से कॉलेज जाता था। अधिकतर समय खेत में या फिर परिजनों के साथ बिताने वाले अरुण की संदिग्ध हालत में मौत होने से हर कोई स्तब्ध है। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कटंगी थाना पुलिस परिजनों के बयान के बाद अरुण के साथ आखिरी वक्त पर देखे गए दो लड़के से भी पूछताछ करेगी।