
सागर में मानसून की विदाई हो चुकी है। मानसूनी सीजन खत्म होने के बाद एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। पिछले दो दिनों से सागर में बादलों की आवाजाही का दौर जारी है। गुरुवार को सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए हैं। दिनभर धूप-छांव का दौर चलता रहा। एक दिन पहले बुधवार को बादलों के बीच हल्की बूंदाबांदी हुई थी।
अचानक बदले मौसम ने किसानों की टेंशन बढ़ा दी है। क्योंकि खेतों में सोयाबीन फसल की कटाई का काम चल रहा है। ऐसे में यदि बारिश हुई तो फसल को नुकसान हो सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने बारिश नहीं होने की बात कही है। हल्की बूंदाबांदी कुछ क्षेत्रों में हो सकती है। गुरुवार को सुबह से सागर का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री और न्यूनतम पारा 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
20 अक्टूबर के बाद ठंडक बढ़ने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार श्रीलंका और इसके करीबी क्षेत्र में साइक्लोनिक सुर्केलेशन सिस्टम एक्टिव है। दूसरा सिस्टम लक्ष्यद्वीप के आसपास है। इस कारण से मध्यप्रदेश दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों के जिलों में मौसम में बदलाव आया है। 20 अक्टूबर तक प्रदेश में ठंडक बढ़ने का अनुमान है। रात में पारा 20 डिग्री के नीचे पहुंच सकता है।
दिन में तापमान 33-34 डिग्री के बीच ही रहेगा। अक्टूबर के आखिरी में दिन के तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है। इस बार दशहरा पर बारिश होने की संभावना नहीं है। क्योंकि पिछले दो सालों से दशहरा और नवरात्र के दौरान बारिश हो रही थी।