
सागर में रविवार को जैन मुनि के आहार के दौरान हुआ विवाद बढ़ता जा रहा रहा है। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद सागर पुलिस ने दोनों पक्षों के 9 नामजद समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया है। इसमें ब्रह्मचारिणी आरती दीदी को भी आरोपी बनाया गया है।
बता दें कि भाग्योदय तीर्थ में रविवार सुबह मुनिश्री सुधा सागरजी महाराज के आहार चल रहे थे। इसी दौरान ब्रह्मचारिणी आरती दीदी ने वहां मौजूद जैन समाज के ही एक अनुयायी से हाथ हटाने के लिए कहा, ताकि लोग कमरे के अंदर आ सकें। उसने नहीं सुना तो दीदी ने उसका हाथ हटा दिया। विवाद यहीं से शुरू हुआ और मुनिश्री के आहार के बाद मारपीट होने लगी।
ब्रह्मचारिणी आरती दीदी की शिकायत-7 पर FIR
- विशाल जैन
- सुरेंद्र जैन
- शुभम जैन
- आर्दश जैन
- शोभा जैन
- दो अन्य महिलाएं
सविता जैन की शिकायत-4 पर FIR
- ब्रह्मचारिणी आरती दीदी
- सत्तू जैन
- आशीष जैन
- मनोज जैन
ब्रह्मचारिणी आरती दीदी ने पुलिस में यह की शिकायत
फरियादी ब्रह्मचारिणी आरती दीदी निवासी पटना बुजुर्ग ने शिकायत में कहा है कि 12 अक्टूबर को भाग्योदय आश्रम में आई थी। सोमवार को सुबह करीब 11.30 बजे भाग्योदय अस्पताल के चौका रूम नंबर 7 में मुनिश्री सुधासागर महाराज को आहार दे रही थी। मुनिश्री के बाहर निकलने के बाद विशाल जैन, सुरेंद्र जैन, शुभम जैन कमरे के दरवाजे तोड़कर अंदर आकर गालीगलौज करने लगे।
मैंने गालियां देने से मना किया तो लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। मारपीट में मुझे चोटे आईं। जान से मारने की धमकी देकर चले गए। कुछ देर बाद आदर्श जैन, शोभा जैन और अन्य दो महिलाएं कमरे में आई। उन्होंने भी मेरे साथ मारपीट की। मेरे चिल्लाने पर भतीजा मोहित जैन और सुयश जैन आ गए। जिन्होंने बीचबचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने फरियादी आरती दीदी की शिकायत पर विशाल जैन, सुरेंद्र जैन, शुभम जैन, आदर्श जैन, शोभा जैन समेत अन्य दो महिलाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने कहा- पति को गालियां दी, मारपीट की
दूसरे पक्ष से फरियादी सविता पति विशाल जैन निवासी रामपुरा वार्ड ने थाने में शिकायत करते हुए बताया कि सोमवार को भाग्योदय आश्रम में आई थी। सुबह करीब 11 बजे भाग्योदय अस्पताल में आहार चल रहा था। वहीं पर मेरे पति विशाल जैन खड़े थे। आरती जैन ने बिना किसी कारण के पति विशाल को बुलाकर मारने दौड़ी, उसके बाद सत्तू जैन, आशीष जैन, मनोज को बुलाया। जिन्होंने पति के साथ गालीगलौज की। घटना देख मैं और जेठानी अनीता जैन बीचबचाव करने गई तो उन्होंने हमारे साथ मारपीट की। जिससे मुझे और जेठानी अनीता को चोटें आई हैं। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने फरियादी सविता जैन की शिकायत पर आरती जैन (ब्रह्मचारिणी दीदी), सट्टू जैन, आशीष जैन और मनोज जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।