
जबलपुर में नर्मदा किनारे कार्तिक पूर्णिमा पर हर साल आयोजित होने वाली पंच-कोसी परिक्रमा यात्रा शनिवार सुबह समाप्त हुई। शुक्रवार सुबह भेड़ा-घाट से शुरू हुई पंच-कोसी यात्रा में लगभग 50 हजार श्रद्धालु शामिल हुए।
इस यात्रा में जबलपुर के साथ ही नरसिंहपुर, कटनी, डिंडोरी, मंडला सहित आसपास के भक्त शामिल हुए। नर्मदा पंच कोशी परिक्रमा यात्रा हरे कृष्णा आश्रम से प्रातः 5 बजे प्रारंभ हुई। श्रद्धालु बेनगंगा पुल, चौंसठ योगिनी मंदिर, धुआंधार, कल्याणिका तपोवन, पशुपतिनाथ मंदिर, गोपालपुर, प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर, तिलभांडेश्वर मंदिर, लम्हेटाघाट से नाव द्वारा लम्हेटी, इमलिया, डुडवारा, ग्वारी, ललपुर, सिद्धन माता के आश्रम होकर सरस्वती घाट हरे कृष्णा आश्रम में समाप्त हुई।
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालु संकीर्तन, भक्ति गीत एवं नर्मदे हर का उद्घोष करते हुए चल रहे थे। पंच कोशी यात्रा के लिए भेड़ाघाट थाना पुलिस के अलावा कई थानों की टीम लगाई गई थी। कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना और एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर टीम ने व्यापक व्यवस्था की थी। अपर कलेक्टर-एएसपी रैंक के अधिकारी यात्रा पर पूरे समय नजर बनाए हुए थे।