
रीवा में सोमवार से लेकर शुक्रवार तक जहां एक ओर खाद वितरण केंद्रो में लोगों की लंबी लाइन लग रही है। वहीं रविवार को रीवा के करहिया मंडी में खाद लेने के लिए पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। कारण था कि उन्हें खाद वितरण केंद्र बंद मिला। लोगों का कहना है कि कलेक्टर के आदेश के बाद हम ये सुनकर आए थे की अब शनिवार और रविवार को भी खाद वितरण केंद्र सुबह से शाम तक खुले रहेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। हम सुबह से यहां बैठे हैं। कुछ लोगों ने बताया कि हम 40 और 50 किलोमीटर दूर से आए हैं।
जबकि गुरुवार और शुक्रवार को खाद वितरण केंद्रो में काफी व्यवस्था देखने को मिली थी। करहिया मंडी स्थित खाद वितरण केंद्र में तो सुबह से खाद पाने के लिए खड़ी बिहरा गांव निवासी आई एक महिला बेहोश भी हो गई थी। जिसे वहां पर मौजूद लोगों ने पानी के छीटे मारकर होश में लाया था। महिला का नाम सीता सिंह पति अरुणेंद्र सिंह बताया गया था।
खड्डा के शीतला प्रसाद पांडेय का कहना है कि आज सुनकर आया था कि कलेक्टर का आदेश है तो खाद मिलेगी। अखबार में खबर भी पढ़ी थी। लेकिन जब मौके पर पहुंचा तो खाद वितरण केंद्र बंद है। मैं 40 किलोमीटर दूर गांव से आया हूं। रीवा शहर में रूकने का कोई ठिकाना नहीं है। अब लौट जाऊंगा, मजबूरी है इसलिए कल फिर वापस आऊंगा।
मोहरवा के किसान विकास पांडेय का कहना है कि गांव से आटो बुक कर खाद लेने के लिए करहिया मंडी आया था। लेकिन खाद वितरण केंद्र बंद है। सुबह से इंतजार में बैठा हूं। अब बोला जा रहा है कि आज खाद वितरण केंद्र बंद रहेगा। मुझे सूचना मिली थी कि रविवार को खाद वितरण केंद्र खोलने के लिए कलेक्टर के आदेश हैं।
रीवा के रितिक सिंह का कहना है कि जानकारी हुई थी कि कलेक्टर का आदेश है कि रविवार को भी किसानों को खाद उपलब्ध करवाई जाए। लेकिन यहां खाद वितरण केंद्र बंद है। हम परेशान हो रहे हैं। मेरी शासन-प्रशासन से मांग है कि किसान भाइयों की समस्या पर ध्यान दिया जाए।
सहायक कर्मचारी रामभजन कुशवाहा ने बताया कि मैं यहां पर सहायक कर्मचारी हूं। मेरे पास जो भी पर्ची आती है। उन पर्चियों में जितने बोरी लिखा होता है,उतने बोरी खाद दिलवा देता हूं। आज रविवार को खाद वितरण नहीं हो रहा है। कलेक्टर का क्या आदेश है और खाद वितरण क्यों नहीं हो रहा है। इसके बारे में वरिष्ठ अधिकारी बता पाएंगे।