
ग्वालियर के गोला का मंदिर में घर के सामने गाय भगाने को लेकर दो परिवारों में झगड़ा हो गया। झगड़ा दोपहर में महिलाओं के बीच हुआ था। इस पर एक पक्ष शाम को थाने में शिकायत कर आया।
इसके बाद शाम को ही बातचीत के बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया, लेकिन रात में फिर इसी विवाद के चलते आरोपी पक्ष बाहर आया और लाइसेंसी बंदूक, देसी कट्टे से फरियादी और उसके बेटे की हत्या की कोशिश करते हुए चार से पांच गोलियां चला दीं।
फरियादी के बेटे का दोस्त बचाने आया, तो उसे सड़क पर पटक कर लात-घूंसों से पीटा। घटना गोला का मंदिर कुंज विहार फेस-2 की है। फायरिंग का वीडियो भी सामने आया है। हमलावर अपने घरों पर ताला डालकर भाग गए हैं। फिलहाल गोली बारी के बाद इलाके में इतनी दहशत बनी हुई है कि सुबह से पुलिस फोर्स तैनात किया गया।
गाय बांधने को लेकर हुआ था झगड़ा
शहर के गोला का मंदिर कुंज विहार फेस-2 निवासी 54 वर्षीय बृजेश कुमार शर्मा के घर सामने ही पुष्पराज सिंह तोमर रहते हैं। मंगलवार दोपहर घर के सामने गाय बांधने और उसे भगाने को लेकर बृजेश शर्मा का झगड़ा पुष्पराज की बेटी दिव्या तोमर और बेटे अविनाश तोमर से हो गया था। इस पर उन्होंने बृजेश के साथ मारपीट कर दी।
इसकी एनसीआर रिपोर्ट बृजेश ने गोला का मंदिर थाना में शाम को की थी। वह शिकायत करने के बाद घर लौटा ही था, तभी दोनों पक्षों के बीच कुछ लोगों ने बातचीत कराई। बातचीत के बाद दोनों के बीच समझौता हो गया था। अभी सब कुछ ठीक लग रहा था कि रात को पुष्पराज सिंह तोमर, अपने बेटे अविनाश तोमर, अभिषेक तोमर और भतीजे मोनू तोमर के साथ बाहर आया और गाली गलौज कर हंगामा करने लगा।
पुष्पराज बोला- हम भिडोसा वाले हैं, हमारी शिकायत करेगा …और गोली चला दी
इसके बाद पुष्पराज ने सभी के सामने चिल्लाते हुए बृजेश से कहा कि हम भिडोसा (मुरैना, डकैत पान सिंह तोमर का गांव) वाले हैं। हमारी शिकायत करेगा। बृजेश ने समझाया कि बात खत्म हो गई है, लेकिन तभी अविनाश तोमर ने हाथ में लिए कट्टे से बृजेश पर फायर कर दिया।
इससे गोली उसके कान के पास से छूते हुए निकली। इसके बाद बृजेश का बेटा सुमित शर्मा बाहर बालकनी में आया तो एक गोली उसकी तरफ चलाई गई। उसने अंदर भागकर जान बचाई। इसके बाद बदमाशों ने चार से पांच गोलियां चलाई हैं। इसी बीच सुमित का दोस्त अशोक बघेल बीच बचाव करने आया ताे हमलावरों ने उसे पीटा। आखिर में हमलावर अपने घर पर ताला डालकर भाग गए।
बेटे ने बनाया वीडियो, पुलिस को सौंपा
घटना के समय बृजेश शर्मा के बेटे सुमित ने हमलावरों का फायरिंग करते हुए वीडियो बना लिया है। जिसमें आरोपी फायरिंग करते हुए और गाली गलौज करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो पुलिस को दिखाया है। जिसके बाद पुलिस ने पुष्पराज, अविनाश तोमर, अभिषेक तोमर व मोनू तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
फरियादी बोला-हमारी जान को खतरा
मामले के 12 घंटे बाद भी फरियादी दहशत में हैं। हमलावर फरार हैं, इसलिए फरियादी बृजेश कुमार शर्मा और उनका परिवार घर से बाहर नहीं निकल रहा है। पुलिस ने भी उनको जब तक हमलावर पकड़े नहीं जाते हैं तब तक घर से बाहर निकलने के लिए मना किया है।
फरियादी का कहना है कि, उनके घर से थाना दाे किलोमीटर की दूरी पर है। यदि वह थाना भी जाते हैं तो जान को खतरा है। हमारी गाय के बछड़े को मारने से रोकने पर यह पूरा विवाद हुआ है। जब हम शिकायत कर लौटे तो हमलावर पहले से ही पूरी तैयारी कर वहां खड़े हुए थे।
आरोपियों घर पर ताला लगाकर महिलाओं सहित भागे
हमलावरों ने पूरी प्लानिंग से हमला किया है। गोलियां चलाने से पहले उन्होंने घर की महिलाओं को बाहर शिफ्ट कर दिया था। इसके बाद रात को हमला किया और घर पर ताला डालकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने बुधवार सुबह पहुंचकर हमलावरों के घर का ताला तोड़कर छानबीन की है कि अंदर तो कोई नहीं है, लेकिन अंदर कोई नहीं मिला है। इसके बाद पुलिस ने हमलावरों के घर पर अपना ताला डाल दिया है।
