
केन बेतवा लिंक सिंचाई परियोजना का शुभारंभ 25 दिसंबर को किया जाएगा। सागर जिले में ग्राम और वार्ड स्तर पर केन बेतवा लिंक सिंचाई परियोजना के तहत कार्य संपादित व क्रियान्वित किए जाने के लिए कलेक्टर संदीप जीआर ने अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। जिनमें उप संचालक कृषि विभाग को 25 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर किसान सम्मेलन का आयोजन कराना, परियोजना प्रशासक, बेतवा परियोजना क्रियान्वयन इकाई को कंट्रोल रूम का संचालन और जानकारी संकलित करने का जिम्मा दिया गया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत राहतगढ़, बीना, खुरई, मालथौन और मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका खुरई को परियोजना से लाभांवित ग्रामों और वार्डों में कलश यात्रा, भजन संध्या, नुक्कड़ नाटक और दीवार लेखन आदि कार्य और 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ग्राम पंचायत मुख्यालय, वार्ड स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं कराने का दायित्व दिया गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी जिला सागर को परियोजना से लाभांवित ग्रामों की शालाओं में प्रभात फेरी, वाद-विवाद, रंगोली, चित्रकला प्रतियोगिता और वाहन रैली का आयोजन, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को परियोजना से लाभांवित ग्रामों में किसान प्रशिक्षण का आयोजन का कार्य सौंपा है।
प्रचार रथ के माध्यम से दी जा रही परियोजना की जानकारी
उल्लेखनीय है कि जल संसाधन विभाग की केन बेतवा लिंक सिंचाई परियोजना के तहत जनपद पंचायत खुरई, बीना, मालथौन, राहतगढ़ और नगर पालिका खुरई के कुल 262 लाभांवित ग्रामों और वार्डों में 25 दिसंबर तक कलश यात्रा, नुक्कड़ नाटक, भजन संध्या, प्रभात फेरी, किसान सम्मेलन समेत अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही केन बेतवा लिंक परियोजना के जागरुकता प्रचार रथ को रवाना किया गया है। प्रचार रथ विकासखंड राहतगढ़, खुरई, बीना और मालथौन में अगले सप्ताह तक चलेगा और जन सामान्य तक केन-बेतवा लिंक परियोजना से होने वाले लाभों की जानकारी देगा। प्रचार रथ के माध्यम से इस परियोजना का प्रचार-प्रसार जनता तक पहुंचाया जाएगा।
जिले के 90 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को मिलेगा सिंचाई का लाभ
केन-बेतवा लिंक परियोजना भारत की पहली नदी जोड़ों परियोजना है। इसमें सागर के कुल 262 ग्रामों का 90 हजार हेक्टेयर क्षेत्र सिंचाई से लाभांवित होगा। साथ ही सागर, विदिशा और रायसेन जिले के कुल 895 ग्रामों के 917920 की आबादी को पेयजल उपलब्ध किए जाने के लिए मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा विविध समूह पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य भी प्रगतिरत है।
इस प्रचार रथ के माध्यम से एलईडी द्वारा परियोजना के बारे में प्रचार प्रसार किया जा रहा है। आगामी समय में बुंदेलखंड के 6 जिलों छतरपुर, टीकमगढ, निवाडी, पन्ना, दमोह और सागर व उप्र के 4 जिलों को इसका लाभ मिलेगा। परियोजना के तहत अपर लेवल टनल से बेतवा नदी तक 218 किमी की केन बेतवा लिंक नहर का निर्माण होगा।