
पन्ना में शुक्रवार देर रात से मौसम का मिजाज बदला है। सुबह 4 बजे से कहीं तेज बारिश तो कहीं रिमझिम हो रही है। इससे ठंड बढ़ गई है। दूसरी तरफ धान खरीदी केन्द्रों में खुले में रखी धान भीग गई।
दरअसल, शुक्रवार सुबह आसमान साफ रहा है। दिनभर धूप निकली रही है, लेकिन रात 12 बजे से अचानक मौसम का मिजाज बदला। आसमान में घने बादल छा गए। सुबह 4 बजे से बारिश शुरू हो गई। जिले के अधिकतर हिस्सों में तेज बारिश हुई, तो कहीं रिमझिम हुई है।
खुले में रखी धान भीगी
जिले में 6 लाख क्विंटल से अधिक धान का उपार्जन हो चुका है। जिला आपूर्ति अधिकारी देवेन्द्र खोबरिया ने बताया कि खरीफ उपार्जन वर्ष 2024-25 का 2 दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य प्रारंभ है। अब तक 9 हजार 72 किसानों से 6 लाख 12 हजार 910 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। परिवहन के माध्यम से गोदामों में भण्डारण और गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्रों में भण्डारण भी कराया जा रहा है। अचानक बारिशे सेधान खरीदी केन्द्रों के बाहर खुले में रखी धान भीग गई है।