
जबलपुर में बढ़ते साइबर अपराधों से आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने एक अभिनव पहल की है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो शहर के विभिन्न हिस्सों में घूमकर लोगों को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताएगा।
यह विशेष रथ स्पीकर के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रसारित करेगा। रथ पर लगे पोस्टर्स में ‘डिजिटल अरेस्ट धोखा है’ जैसे प्रभावी स्लोगन लिखे गए हैं। पुलिस का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधियों के ठगी के तरीकों से अवगत कराना और उनसे बचने के उपाय बताना है।
एसपी उपाध्याय ने बताया कि, साइबर अपराधी अक्सर खुद को विभिन्न जांच एजेंसियों का कर्मचारी बताकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते हैं। उनकी मेहनत की कमाई हड़प लेते हैं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे कारगर तरीका जागरूकता है। इसी उद्देश्य से यह साइबर रथ शहर में लोगों को शिक्षित करने का काम करेगा। यह पहल न केवल लोगों को सतर्क करेगी बल्कि उन्हें साइबर धोखाधड़ी से बचने में भी मदद करेगी।