
दमोह जिले की हटा विधानसभा में भाजपा की अंदरूनी कलह सामने आई है। विधायक उमा देवी खटीक के खिलाफ पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और प्रदेश महामंत्री बीडी सबनानी को ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विधायक पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही हैं और केवल अपने चहेतों को लाभ पहुंचा रही हैं। पटेरा जनपद उपाध्यक्ष राजेश पटेल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक ने जनपद पंचायत पटेरा में अपने दलाल नियुक्त कर रखे हैं। इनमें भरत पटेल प्रमुख है, जो विधायक के संरक्षण में प्रत्येक पंचायत से अवैध वसूली करता है।
स्थिति 10 दिन पहले हुए हटा जनपद अध्यक्ष उपचुनाव के दौरान और बिगड़ी, जब विधायक खटीक और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल के बीच गुटबाजी सामने आई। चुनाव के दौरान विधायक के निर्वाचन स्थल की पत्रकार दीर्घा में पहुंचने पर शिवचरण पटेल और उनके समर्थकों ने विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद विधायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया।
परिस्थितियों की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी के दायित्व से इस्तीफा देने तक की बात कह दी है। विधायक से इन आरोपों पर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो सकीं।
