
सागर शहर में पानी की सप्लाय करने वाले राजघाट बांध से गैर पेयजल उपयोग पर रोक लगा दी गई है। वर्तमान में आसपास के किसान राजघाट बांध में मोटर पंप लगाकर फसलों की सिंचाई करने के लिए पानी ले रहे हैं। लेकिन अब किसान सिंचाई के लिए बांध के पानी का उपयोग नहीं कर सकेंगे।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट संदीप जीआर ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि आवर्धन जल प्रदाय योजना के तहत बेवस नदी पर बने राजघाट बांध से शहर के साथ मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र, कैंट और सेना क्षेत्र के लिए जल की आपूर्ति की जाती है। उक्त बांध के अप स्ट्रीम में किसानों द्वारा कृषि भूमि की सिंचाई के लिए अवैध रूप से मोटर पंप लगाकर लगातार राजघाट बांध से पानी लिया जा रहा है। जिससे बांध का जल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। लगातार गिर रहे जलस्तर से आगामी गर्मी के मौसम में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।
उन्होंने पेयजल संकट को ध्यान रखते हुए सागर शहर, मकरोनिया, कैंट और सेना क्षेत्र में राजघाट बांध से पानी के अन्य उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया। यह आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश जारी होने तक लागू रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।