
दमोह में शव यात्रा में शामिल लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसके बाद लोग शव को जमीन पर रखकर भाग गए। घटना में करीब 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हालांकि कोई गंभीर रूप घायल नहीं हुआ। कोई अस्पताल भी नहीं पहुंचा। घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे हटा क्षेत्र की है।
माझी समाज की वरिष्ठ नेत्री शकुंतला रैकवार का निधन हो गया था। शनिवार सुबह उनकी अंतिम यात्रा निकाली जा रही थी। इसमें करीब 150 से ज्यादा लोग शामिल थे। अंतिम यात्रा फुटेरा तालाब के पास पूजन के लिए रुकी थी। इसी दौरान मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। मधुमक्खियों ने तालाब किनारे मुंडन करा रहे लोगों पर भी हमला किया।
अचानक हमले से मची अफरा-तफरी
अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग शव छोड़कर भाग गए। भाजपा युवा नेता मोंटी रैकवार ने बताया कि कुछ देर बाद व्यापारी संजय असाटी, शंकर रैकवार और विनय रैकवार के साथ अर्थी को कंधा देकर शमशान तक पहुंचाया। हालांकि घायलों में से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा।