
पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से सागर समेत प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। पिछले दो दिनों से सागर में बादल छाए रहे, इसके बाद बुधवार रात जिले के ग्रामीण इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरे। जैसीनगर क्षेत्र के कंदेला में बेर के आकार के ओले गिरे, वहीं गौरझामर इलाके में बारिश हुई।
इसी तरह शहर में रात 3 से सुबह 5 बजे के बीच हल्की बारिश हुई। बारिश से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार सुबह से सागर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम पारा 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम पारे में 5.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं दिन का पारा 1 डिग्री लुढ़का। गुरुवार सुबह से आसमान में बादलों के बीच धूप-छांव का दौर जारी है।
तेज हवा के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन टर्फ की वजह से प्रदेश में बारिश और आंधी का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय हुआ है। जिसके असर से बादल छाए हैं। एक टर्फ दक्षिणी छत्तीसगढ़ से मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ-मराठवाड़ा के पास से गुजर रही है।
वहीं साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम भी एक्टिव है। सिस्टम सक्रिय होने से सागर में भी बादल छाने के साथ बारिश हुई है। गुरुवार को भी जिले में हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई।
अप्रैल में लू चलने का अनुमान
सागर समेत मध्यप्रदेश में अप्रैल के महीने में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। पहले और दूसरे सप्ताह में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं दूसरे सप्ताह से लू भी चलने का अनुमान है। सबसे गर्म आखिरी सप्ताह रहेगा। दिन का तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।