
जैनधर्म के अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2624 वां जन्मकल्याणक महोत्सव गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जैन समाज ने सागर शहर में शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा पिछले 82 सालों से लगातार निकलती आ रही है। शोभायात्रा में धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और स्वच्छता का संदेश देखने को मिला।
शोभायात्रा की शुरुआत कटरा स्थित गौराबाई जैन मंदिर से हुई। जो कीर्ति स्तंभ, लच्छू चौराहा, वर्णी कालोनी, गुजराती बाजार, लिंक रोड, विजय टाकीज, मस्जिद कटरा बाजार तीनबत्ती, कोतवाली, सराफा, इतवारा बाजार मोराजी होते हुए वापस चकराघाट, कोतवाली, तीनबत्ती से होकर गौराबाई मंदिर में समाप्त हुआ।
आकर्षक झांकियां निकाली गई
इसमें विभिन्न मंदिरों के द्वारा बनाई गई झांकियां, दिव्य घोष और महिला मंडल ड्रेस कोड में शामिल हुए। शोभायात्रा में मोक्ष कल्याणक, भगवान श्रीकृष्ण, जैन मंदिर समेत अन्य झांकियां बनाई गईं। झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा के दौरान अहिंसा और जैविक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। शोभायात्रा के बाद मंदिर के फर्श पर मुनिसंघ के मंगल प्रवचन हुए।
आगे शोभायात्रा, पीछे से सड़कों पर की सफाई
शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा के दौरान शहर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया गया। जैन समाज के युवा शोभायात्रा रूट पर सफाई करते हुए चल रहे थे। विधायक शैलेंद्र जैन शोभायात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भी सड़कों पर झाड़ू लगाकर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
